बी के झा
NSK news Ind

नई दिल्ली, 11 अगस्त
उत्तरी दिल्ली के पॉश इलाके रूप नगर में आधी रात हथियारबंद बदमाशों ने एक बुजुर्ग दंपत्ति के घर धावा बोलकर सनसनीखेज लूट की वारदात को अंजाम दिया। चार बदमाशों ने बुजुर्ग दंपत्ति को पिस्टल की नोक पर बंधक बनाया, विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की और हाथ-पैर बांध दिए। इसके बाद बदमाशों ने रॉड से अलमारी का ताला तोड़कर लाखों रुपये की नकदी और भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण लूट लिए। लूटे गए सामान की कुल कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए।घटना बीते शुक्रवार यानी 6-7 अगस्त की दरम्यानी रात करीब 2:30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक 74 वर्षीय तारेश बैसीवाला रात में बाथरूम जाने के लिए उठे थे। इसी दौरान उनकी नजर घर में मौजूद चार हथियारबंद बदमाशों पर पड़ी। बदमाश घर में लूटपाट कर रहे थे। अचानक सामने आए बदमाशों को देखकर बुजुर्ग दंपत्ति सहम गए।
पिस्टल तानी, चाबी मांगी और विरोध पर शुरू कर दी पिटाई
बताया जा रहा है कि बदमाशों के हाथों में पिस्टल, चाकू और लोहे की रॉड थी। उन्होंने तारेश पर पिस्टल तानकर घर की अलमारी और तिजोरी की चाबी मांगी। बुजुर्ग ने चाबी देने से इनकार किया तो बदमाशों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उनकी पत्नी को भी पीटा गया। इसके बाद दोनों के हाथ-पैर बांधकर उन्हें बेबस कर दिया गया।बदमाशों ने इसके बाद रॉड की मदद से अलमारी का ताला तोड़ा और उसमें रखे कीमती सामान को अपने कब्जे में ले लिया।
आरोपियों ने घर से करीब 10 लाख रुपये नकद के अलावा बड़ी मात्रा में सोने और चांदी के आभूषण लूटे और फरार हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लूटे गए सामान की कुल कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी जा रही है।
वारदात से पुलिस महकमे में हड़कंप
बुजुर्ग दंपत्ति के साथ हुई इस वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी तत्काल मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया गया और साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया।पीड़ित तारेश बैसीवाला (74) के बयान के आधार पर पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बदमाशों को घर के भीतर मौजूद नकदी और कीमती सामान की जानकारी कैसे मिली।
क्या किसी करीबी ने दिया वारदात को अंजाम देने का सुराग?
जांच के दौरान पुलिस को आशंका है कि इस वारदात में बुजुर्ग दंपत्ति का कोई करीबी या ऐसा व्यक्ति शामिल हो सकता है, जिसे घर की सुरक्षा व्यवस्था, अलमारी, तिजोरी और कीमती सामान के बारे में जानकारी थी। इसी दिशा में पुलिस घर में काम करने वाले नौकरों के अलावा आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है।पुलिस यह भी खंगाल रही है कि हाल के दिनों में घर पर कौन-कौन लोग आए थे और किसे परिवार की आर्थिक स्थिति या घर में रखे कीमती सामान की जानकारी थी।
सीसीटीवी फुटेज से खुलेगा बदमाशों का राज
वारदात के बाद पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि चारों बदमाश किस रास्ते से इलाके में पहुंचे और लूट के बाद किस दिशा में फरार हुए। पुलिस को उम्मीद है कि आसपास के कैमरों से आरोपियों की गतिविधियों और उनके संभावित भागने के रास्ते का महत्वपूर्ण सुराग मिल सकता है।
फिलहाल पुलिस कई कोणों से मामले की जांच कर रही है। हथियारबंद बदमाशों द्वारा पॉश इलाके में बुजुर्ग दंपत्ति को निशाना बनाकर इतनी बड़ी लूट को अंजाम दिए जाने से इलाके के लोगों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस जल्द से जल्द आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है।
