बी के झा
NSK news Ind

पटना, 14 अगस्त
बिहार की राजनीति में एक बार फिर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को लेकर ऐसा बयान दिया है, जिसने सियासी गलियारों में नई बहस छेड़ दी है। बांकीपुर उपचुनाव से पहले लगातार सम्राट चौधरी पर हमलावर रहे पीके ने अब दावा किया है कि “आने वाले समय में निश्चित तौर पर सम्राट चौधरी को मुख्यमंत्री पद छोड़ना पड़ेगा।”गुरुवार (13 अगस्त 2026) को बांकीपुर क्षेत्र में लोगों को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार में जनता का दबाव अब इतना मजबूत हो चुका है कि सरकार मनमानी नहीं कर सकती।
उन्होंने कहा कि भले ही सम्राट चौधरी फिलहाल मुख्यमंत्री हैं, लेकिन अब वे कोई बड़ी गलती करने की स्थिति में नहीं हैं। “कोई बेहतर आदमी मुख्यमंत्री बनेगा। जितने दिन सम्राट चौधरी पद पर रहेंगे, अब फेक एनकाउंटर, गरीबों की झोपड़ियों पर बुलडोजर और राशन कार्ड से नाम काटने जैसी गलतियां नहीं कर पाएंगे, क्योंकि जनता ने दिखा दिया है कि वह सत्ता बदल सकती है।”
हर वार्ड में बनेगी 50 लोगों की समिति
प्रशांत किशोर ने अपने राजनीतिक अभियान को और तेज करने की घोषणा करते हुए कहा कि अगस्त महीने के अंत तक बांकीपुर के हर वार्ड में 50 सक्रिय लोगों की समिति बनाई जाएगी। यह समिति स्थानीय समस्याओं की निगरानी करेगी और जन सुराज के लिए सलाहकार की भूमिका निभाएगी।उन्होंने कहा कि नाली, गली, बिजली, जलनिकासी और नगर निगम से जुड़ी शिकायतों को व्यवस्थित तरीके से दर्ज किया जाएगा ताकि संबंधित अधिकारियों पर जवाबदेही तय हो सके।
भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई की तैयारी
सभा में मौजूद लोगों से उन्होंने अपील की कि यदि कोई सरकारी कर्मचारी, कार्यपालक अभियंता या नगर निगम का ठेकेदार रिश्वत मांगता है अथवा काम में लापरवाही करता है तो उसका नाम, विभाग और मोबाइल नंबर लिखकर जन सुराज कार्यालय में दें।पीके ने कहा कि लिखित शिकायत मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई कराने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।
राशन कार्ड और घूसखोरी पर बड़ा वादा
प्रशांत किशोर ने कहा कि विधायक कार्यालय से जुड़े किसी भी कार्य में एक रुपये की कमीशनखोरी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने दावा किया कि अगले तीन महीनों के भीतर राशन कार्ड से जुड़ी समस्याओं को दूर करने की दिशा में ठोस पहल की जाएगी।उनके अनुसार जिन लोगों का नाम राशन कार्ड से कट गया है, जिन्हें नया कार्ड बनवाने में घूस मांगी जा रही है या जिन्हें पांच किलो के बजाय कम राशन मिल रहा है, उनकी शिकायतों का समाधान प्राथमिकता से कराया जाएगा।
निजी स्कूलों की फीस पर भी निशाना
बांकीपुर के शिक्षा मुद्दे को उठाते हुए प्रशांत किशोर ने कहा कि क्षेत्र के लगभग 60 प्रतिशत बच्चे निजी स्कूलों में पढ़ते हैं, जहां अभिभावकों से मनमानी फीस वसूली जा रही है।उन्होंने भरोसा दिलाया कि नवंबर तक इस व्यवस्था में सुधार लाने के लिए जन सुराज अभिभावकों के साथ मिलकर संघर्ष करेगा और उनकी शिकायतों को सरकार के सामने मजबूती से उठाएगा।
राजनीतिक संदेश
प्रशांत किशोर का यह बयान ऐसे समय आया है जब बिहार में नेतृत्व परिवर्तन और आगामी चुनावों को लेकर चर्चाएं तेज हैं।
हालांकि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की ओर से इस बयान पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है, लेकिन पीके की यह भविष्यवाणी राज्य की राजनीति में नई बहस को जन्म दे सकती है।
