बी के झा
NSK news Ind

नई दिल्ली, 3 सितंबर
भारतीय वायुसेना के उस जांबाज योद्धा की कहानी, जिसने 2019 में पाकिस्तान के F-16 लड़ाकू विमान को आसमान में चुनौती देकर इतिहास रच दिया था, अब एक नए मोड़ पर पहुंच गई है।
वायुसेना के ग्रुप कैप्टन अभिनंदन वर्धमान ने सैन्य सेवा से विदाई ले ली है। अब वह आसमान में लड़ाकू विमान नहीं, बल्कि यात्री विमान उड़ाते नजर आएंगे। सूत्रों के मुताबिक, अभिनंदन ने अगस्त में गोवा स्थित क्षेत्रीय एयरलाइन Fly91 के साथ पायलट के रूप में नई पारी शुरू की है।
PTI ने सूत्रों के हवाले से बताया है कि अभिनंदन वर्धमान Fly91 से जुड़ चुके हैं। हालांकि, एयरलाइन की ओर से उनकी नियुक्ति या भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। Fly91 के प्रवक्ता ने कर्मचारियों की निजी जानकारी का हवाला देते हुए इस मामले पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया।
जब आसमान में आमने-सामने आए थे F-16 और मिग-21
अभिनंदन वर्धमान का नाम देश की सुरक्षा और शौर्य की कहानी में 27 फरवरी 2019 के बाद दर्ज हुआ। पुलवामा आतंकी हमले के जवाब में भारत ने 26 फरवरी को पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकी ठिकानों पर एयरस्ट्राइक की थी। इसके अगले दिन पाकिस्तान ने भारतीय सैन्य ठिकानों को निशाना बनाने की कोशिश की।पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों को खदेड़ने के लिए भारतीय वायुसेना के लड़ाकू विमान आसमान में उतरे।
इसी हवाई मुठभेड़ के दौरान अभिनंदन ने अपने मिग-21 बाइसन से पाकिस्तान के F-16 को निशाना बनाया। इस कार्रवाई के दौरान उनका अपना विमान भी दुर्घटनाग्रस्त हो गया और वह पाकिस्तान की सीमा में जा गिरे। इसके बाद पाकिस्तान ने अभिनंदन को हिरासत में ले लिया।
भारत सरकार के कूटनीतिक और अंतरराष्ट्रीय दबाव के बीच पाकिस्तान को उन्हें रिहा करना पड़ा। करीब तीन दिन बाद अभिनंदन भारत लौटे और देखते ही देखते पूरे देश में साहस और जांबाजी के प्रतीक बन गए।
वीरता के लिए मिला वीर चक्र
अभिनंदन की बहादुरी को देश ने भी सलाम किया। वर्ष 2021 में उन्हें वीर चक्र से सम्मानित किया गया। वीर चक्र युद्धकाल में दिया जाने वाला भारत का तीसरा सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है। उन्हें यह सम्मान कर्तव्य के प्रति असाधारण समर्पण और अदम्य साहस के लिए प्रदान किया गया था।
अब फाइटर जेट नहीं, यात्री विमान की कमान
वायुसेना की वर्दी में दुश्मन के लड़ाकू विमानों का सामना करने वाले अभिनंदन अब नागरिक उड्डयन क्षेत्र में अपनी नई पारी शुरू कर चुके हैं। सूत्रों के अनुसार, अगस्त महीने से वह Fly91 के साथ पायलट के रूप में काम कर रहे हैं। वर्ष 2024 के मार्च में परिचालन शुरू करने वाली Fly91 एक क्षेत्रीय एयरलाइन है। वर्तमान में उसके बेड़े में छह विमान बताए जाते हैं और गोवा तथा हैदराबाद उसके दो प्रमुख परिचालन केंद्र हैं।
अभिनंदन की नई भूमिका भले ही सैन्य सेवा से अलग हो, लेकिन 2019 की वह ऐतिहासिक हवाई भिड़ंत आज भी उनके नाम के साथ जुड़ी हुई है।
एक ऐसा पायलट जिसने कभी दुश्मन के F-16 को आसमान में चुनौती दी थी, अब आम यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।
