हेलमेट बना कैश का लॉकर! फोम निकालकर ठूंस दिए 7 लाख रुपये, नेपाल बॉर्डर पर खुल गया राज; अंदर छिपी थी भारतीय करेंसी की गड्डियां; चेकिंग के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने दबोचा

बी के झा

NSK news Ind

भैरहवा (नेपाल)‌, 21 सितंबर

सीमा पार करते समय सुरक्षा जांच से बचने के लिए एक युवक ने ऐसा तरीका अपनाया, जिसने जांच अधिकारियों को भी चौंका दिया। सिर पर पहना हेलमेट इस बार सुरक्षा कवच नहीं, बल्कि सात लाख रुपये की नकदी छिपाने वाला ‘कैश लॉकर’ निकला। युवक ने हेलमेट के अंदर लगी फोम की परत को बीच से निकालकर उसकी जगह भारतीय करेंसी की गड्डियां भर दी थीं। हेलमेट के किनारों पर फोम पहले की तरह लगा रहने दिया गया, ताकि बाहर से देखने पर उसमें किसी तरह की असामान्यता नजर न आए।लेकिन नेपाल सीमा पर हुई चेकिंग में उसकी यह तरकीब ज्यादा देर तक छिपी नहीं रह सकी।

सशस्त्र पुलिस के डीएसपी गोपी भट्टराई के मुताबिक, पकड़े गए युवक की पहचान विशाल यादव के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के नौतनवा का रहने वाला बताया गया है। जानकारी के अनुसार, सितंबर में नेपाल प्रवेश के दौरान रुपन्देही जिले के सिद्धार्थनगर नगरपालिका-1 स्थित पिपलबोट चेकपोस्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान उसके हेलमेट पर संदेह हुआ।जांच आगे बढ़ी तो हेलमेट के भीतर से भारतीय मुद्रा की गड्डियां बरामद हुईं।

अधिकारियों के मुताबिक, हेलमेट की अंदरूनी फोम परत को इस तरह से काटकर हटाया गया था कि नकदी को उसके भीतर छिपाया जा सके। किनारों की फोम को यथावत रखा गया, जिससे हेलमेट का बाहरी आकार सामान्य बना रहे।7 लाख की रकम, नोटों का पूरा ब्योरा सुरक्षा एजेंसियों ने हेलमेट से कुल 7 लाख भारतीय रुपये बरामद किए। बरामद रकम में 500 रुपये के 1,300 नोट, 200 रुपये के 200 नोट और 100 रुपये के 100 नोट शामिल हैं।नकदी के अलावा युवक के पास से सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के दो खाली चेक और एक मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है।

सीमा पर बढ़ी सतर्कता, अब जांच का फोकस स्रोत और मकसद पर

हेलमेट में इतनी बड़ी रकम छिपाकर नेपाल ले जाने की कोशिश सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इतनी बड़ी रकम कहां से आई थी और इसे नेपाल ले जाने के पीछे युवक का उद्देश्य क्या था।यह घटना यह भी दिखाती है कि सीमा पार नकदी ले जाने के लिए तस्करी के तरीकों में किस तरह नए-नए तरीके अपनाए जा रहे हैं। हालांकि, बरामद रकम के स्रोत और उसके संभावित इस्तेमाल को लेकर जांच पूरी होने तक किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।

हेलमेट को सुरक्षा के लिए पहना गया था, लेकिन उसके भीतर छिपे सात लाख रुपये ने सीमा जांच में पूरा खेल ही खोल दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *