174 जिंदगियों के बीच मौत से भिड़े कैप्टन स्मित, PM मोदी ने कहा- ‘हीरो हैं भारतीय पायलट’, पीएम मोदी ने बहादुरी को किया सलाम, नेतन्याहू और ट्रंप ने भी की तारीफ

बी के झा

NSK news Ind

नई दिल्ली, 1 अक्टूबर

आसमान में उड़ते एक विमान के भीतर जब जिंदगी और मौत के बीच चंद मिनटों का फासला रह गया, तब एक भारतीय पायलट ने अदम्य साहस का परिचय देते हुए सैकड़ों जिंदगियों को बचाने की जंग लड़ दी। फ्लाईदुबई के विमान में सवार 174 यात्रियों की जान बचाने वाले भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की चर्चा अब भारत ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में हो रही है।

दुबई से तेल अवीव जा रहे फ्लाईदुबई के विमान में उड़ान के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब विमान के को-पायलट पर विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश का आरोप लगा। इसी दौरान कैप्टन स्मित मच्छार पर धारदार हथियार से हमला किया गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

हालात बेहद खतरनाक थे। विमान हवा में था, पायलट घायल था और सैकड़ों यात्रियों की जिंदगी दांव पर लगी थी। इसके बावजूद कैप्टन स्मित ने हिम्मत नहीं छोड़ी। घायल अवस्था में भी उन्होंने स्थिति पर काबू पाने की कोशिश जारी रखी और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद कुछ यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर को-पायलट को काबू में किया।

विमान की सऊदी अरब में आपातकालीन लैंडिंग कराई गई और उसमें सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस पूरे घटनाक्रम में कैप्टन स्मित की भूमिका को सबसे महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पीएम मोदी ने कहा- ‘कैप्टन स्मित मच्छार एक हीरो हैं’

कैप्टन स्मित की बहादुरी की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी सराहना की है। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पर लिखा कि कैप्टन स्मित मच्छार ने बेहद खतरनाक परिस्थितियों और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद दूसरों की जिंदगी बचाने के लिए असाधारण साहस और अटूट संकल्प दिखाया।

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी बहादुरी से सैकड़ों लोगों की जान बची और एक बड़ी त्रासदी टल गई। उन्होंने कैप्टन स्मित को ‘हीरो’ बताते हुए उनके जल्द स्वस्थ होने और नई ताकत हासिल करने की कामना की।

नेतन्याहू और ट्रंप ने भी किया सलाम

भारतीय पायलट की बहादुरी की गूंज अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सुनाई दी। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने कैप्टन स्मित को वास्तविक हीरो बताया और उनकी बहादुरी को सलाम किया।नेतन्याहू के अनुसार, चाकू के हमले में गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद भारतीय पायलट ने हवा में एक बड़े हादसे को टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी इस घटना को लेकर नेतन्याहू से बातचीत की और इसके बाद कैप्टन स्मित की बहादुरी की सराहना की। ट्रंप ने भी भारतीय पायलट को हीरो बताया।

जब आसमान में मौत मंडरा रही थी…

कैप्टन स्मित मच्छार की कहानी सिर्फ एक विमान को सुरक्षित उतारने की कहानी नहीं है। यह उस साहस की कहानी है, जिसमें एक व्यक्ति ने अपनी जान की परवाह किए बिना उन सैकड़ों लोगों की जिंदगी को प्राथमिकता दी, जिनकी जिम्मेदारी उसके कंधों पर थी।गंभीर रूप से घायल होने के बाद भी उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी। विमान को सुरक्षित बचाने की कोशिश के दौरान उनकी भूमिका ने एक संभावित बड़े हादसे को टालने में अहम योगदान दिया।

घटना के बाद कैप्टन स्मित को इलाज के लिए सऊदी अरब के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

एन एस के की टिप्पणी

आसमान में उड़ान भरना पायलट का पेशा है, लेकिन संकट की घड़ी में सैकड़ों जिंदगियों को अपनी जिंदगी से ऊपर रखना असाधारण साहस की मिसाल है।

कैप्टन स्मित मच्छार ने उस कठिन क्षण में वही किया, जिसकी उम्मीद एक जिम्मेदार कमांडर से की जाती है।

174 यात्रियों की सुरक्षित जिंदगी आज उनके साहस की सबसे बड़ी गवाही है।

एन एस के परिवार की ओर से कैप्टन स्मित मच्छार के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *