बी के झा
पटना, 13 अगस्त
बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जीत दर्ज करने के बाद जन सुराज के संस्थापक और विधायक प्रशांत किशोर अब अपने चुनावी वादों को धरातल पर उतारने की मुहिम में जुट गए हैं। वे लगातार बांकीपुर के विभिन्न वार्डों का दौरा कर रहे हैं, आभार सभाएं आयोजित कर रहे हैं और जनता के बीच अपनी प्राथमिकताएं स्पष्ट कर रहे हैं। बोरिंग कैनाल रोड और मीठापुर में आयोजित सभाओं में उन्होंने भ्रष्टाचार, राशन, पेंशन, शिक्षा और रोजगार जैसे मुद्दों पर कई बड़े ऐलान किए।सभा को संबोधित करते हुए प्रशांत किशोर ने कहा, “मैंने चुनाव के दौरान वादा किया था कि विधायक या विधायक से जुड़े किसी भी काम में एक रुपये की भी चोरी नहीं होने देंगे। यह वादा हर हाल में निभाया जाएगा।
” उन्होंने कहा कि जनता के पैसे और अधिकारों की रक्षा करना उनकी पहली जिम्मेदारी होगी।
राशन की चोरी रोकने का दावा
प्रशांत किशोर ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली में भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कहा कि गरीबों को मिलने वाले पांच किलो अनाज में छह से आठ रुपये तक की कथित चोरी हो जाती है। उनके अनुसार इस वजह से कई लाभार्थियों को पूरा राशन नहीं मिल पाता। उन्होंने घोषणा की कि अगले तीन महीनों के भीतर बांकीपुर के प्रत्येक पात्र परिवार को पूरा पांच किलो अनाज दिलाना उनकी प्राथमिकता होगी।
बुजुर्गों को मिलेगी ₹1100 पेंशन
उन्होंने सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि तीन महीने के भीतर बांकीपुर का कोई भी पात्र 60 वर्ष से अधिक आयु का व्यक्ति ऐसा नहीं रहेगा, जिसे ₹1100 मासिक पेंशन का लाभ न मिले। इसके लिए विशेष अभियान चलाकर पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ा जाएगा।
सरकारी आवास बनेगा जनता का कार्यालय
प्रशांत किशोर ने अपने आवंटित विधानसभा आवास संख्या-182 को निजी निवास के बजाय जनता के लिए समर्पित कार्यालय बनाने का फैसला किया है। पटना के वीआईपी एमएलए हाउसिंग कॉम्प्लेक्स स्थित यह दो मंजिला डुप्लेक्स अब बांकीपुर के लोगों की शिकायतों, सुझावों और समस्याओं के समाधान का केंद्र बनेगा।उन्होंने कहा कि यह कार्यालय आम नागरिकों के लिए हमेशा खुला रहेगा, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए सरकारी दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
10 हजार युवाओं के रोजगार का लक्ष्य
रोजगार को अपनी सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में शामिल करते हुए विधायक ने कहा कि बांकीपुर के 10,000 युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार दिलाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए उनके सरकारी आवास में एक रोजगार सहायता केंद्र बनाया जा रहा है, जहां शिक्षित बेरोजगार युवा अपना बायोडाटा जमा कर सकेंगे। विशेषज्ञों की टीम उनकी योग्यता के अनुसार रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने में मदद करेगी।
शिक्षा और स्थानीय समस्याओं पर भी जोर
प्रशांत किशोर ने कहा कि मार्च 2027 तक निजी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के अभिभावकों को आर्थिक राहत दिलाने की दिशा में प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा नगर निगम, ट्रैफिक, सड़क, जलनिकासी और अन्य स्थानीय समस्याओं के समाधान के लिए वार्ड स्तर पर नियमित जनसुनवाई की व्यवस्था भी की जाएगी।
प्रमुख घोषणाएं-विधायक से जुड़े कार्यों में भ्रष्टाचार पर शून्य सहनशीलता
– तीन महीने में पात्र परिवारों को पूरा 5 किलो राशन सुनिश्चित करने का प्रयास।
– 60 वर्ष से अधिक आयु के पात्र लोगों को ₹1100 मासिक पेंशन दिलाने का अभियान
– सरकारी आवास संख्या-182 को जनता के लिए खुले कार्यालय में बदलने का फैसला
– 10,000 युवाओं को निजी क्षेत्र में रोजगार से जोड़ने का लक्ष्य।
बांकीपुर में प्रशांत किशोर की यह पहल अब राजनीतिक वादों से आगे बढ़कर जनसेवा के मॉडल के रूप में देखी जा रही है।
आने वाले महीनों में इन घोषणाओं का धरातल पर कितना असर दिखाई देता है, इस पर सभी की नजर रहेगी।
NSK news Ind

